भास्कर न्यूज | गढ़वा जिले में 52 क्रय केंद्रों के अचानक बंद होने से किसानों के सामने धान बेचने को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जिले भर के किसान खासे परेशान हैं और सरकार के प्रति उनमें आक्रोश देखने को मिल रहा है। किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने के बावजूद वे मजबूरी में खुले बाजार में कम दाम पर धान बेचने को विवश हो रहे हैं। कोई यह बताने को तैयार नहीं है कि आखिर अब फिर कब से किसने का सरकारी स्तर पर धान की खरीदारी शुरू की जाएगी। सरकारी स्तर पर इस वर्ष धान खरीद लक्ष्य के अनुरूप पूरा नहीं हो सका है। जिले के लिए कुल धान खरीद का लक्ष्य दो लाख क्विंटल निर्धारित किया गया था, लेकिन अब तक मात्र एक लाख क्विंटल धान की ही खरीद हो पाई है। यानी लक्ष्य का केवल 50 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने बताया कि धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले में कुल 52 धान क्रय केंद्र खोले गए थे, जिनके माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से धान की खरीद की जा रही थी। जिला आपूर्ति विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक 1150 किसानों ने पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) के माध्यम से अपना धान बेचा है। इनमें से 959 किसानों को उनके धान का भुगतान किया जा चुका है। इन किसानों को कुल 20 करोड़ 54 लाख रुपए की राशि उनके बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई है। शेष किसानों का भुगतान प्रक्रिया में बताया जा रहा है, जिसे जल्द पूरा करने का दावा विभाग द्वारा किया जा रहा है। 15 दिसंबर से 23.69 रुपए किलो हो रही थी खरीद धान क्रय केंद्रों का संचालन 15 दिसंबर 2025 से शुरू किया गया था। पैक्स में धान बेचने वाले किसानों को प्रति किलो 23 रुपए 69 पैसे की दर से भुगतान किया गया है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली प्रति किलो 81 पैसे की प्रोत्साहन राशि अब तक किसी भी किसान को नहीं मिल सकी है। इस प्रोत्साहन राशि के लंबित रहने से किसानों में नाराजगी और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर हो जाता, तो उन्हें आर्थिक रूप से काफी राहत मिलती। कई किसानों ने आरोप लगाया है कि क्रय केंद्र बंद होने और प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने से उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। निर्धारित केंद्र पर अपना धान बेचे सभी किसान : देवानंद वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि धान खरीद की प्रक्रिया निरंतर जारी है और लक्ष्य को समय पर पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित क्रय केंद्रों पर ही धान बेचें और किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित अधिकारियों या विभाग से संपर्क करें।


