पश्चिमी सिंहभूम जिले में गणतंत्र दिवस के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल तीन लोगों की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई। जिसमें मुफ्फसिल व नोवामुंडी थाना तथा चक्रधरपुर थाना की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी के शव का पंचनामा करने के बाद चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में अलग-अलग थाने में मामला दर्ज किया गया है। पहली घटना चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई गांव के बीच चाईबासा-चक्रधरपुर एनएच 75 की है। पतागुईरा निवासी 60 वर्षीय शशि किरण सुंडी अपने दोस्तों के साथ बाईहातू में आयोजित खेलकूद सह फुटबॉल प्रतियोगिता देखकर अपने दोस्त के साथ चाईबासा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान संकोसाई गांव के पास नीचे टोली के एक युवक के पीछे-पीछे सड़क पार कर नीचे टोली की ओर जाने लगा। इसी क्रम में शशीकिरण सुंडी एक अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी घटना किरीबुरू थाना क्षेत्र की है। प्रोस्पोटिंग कॉलोनी किरीबुरु निवासी 15 वर्षीय नाबालिग पवन करवा गंभीर रूप से सड़क हादसे में घायल हो गया। उसे किरीबुरू अस्पताल में इलाज हेतु एडमिट कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर को देखते हुए नोवामुंडी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं तीसरी घटना चक्रधरपुर थाना क्षेत्र की है। चैनपुर निवासी गोमिया सोय 23 वर्ष सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए चक्रधरपुर से चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराकर संबंधित थाना पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।


