उदयपुर में इस बार होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को लेकर आज जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक ली। इसमें उदयपुर के अधिकारी वीडियो क्रॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े।
बैठक में सीएम ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्व को पूरा करते हुए आपस में समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के राज्यस्तरीय आयोजन में राष्ट्रीयता की भावना को इंगित करते हुए कार्यक्रम शामिल करें। साथ ही, समारोह में अधिक से अधिक लोगो की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि उदयपुर में भी सभी प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सजावट की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को निमंत्रण पत्र भेजने से लेकर उनके आवागमन, ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि राजभवन जयपुर तथा सहेलियों की बाड़ी उदयपुर में आयोजित होने वाले एटहोम कार्यक्रम के लिए भी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। शर्मा ने कहा कि अधिकारी समारोह स्थल पर आगंतुकों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं यातायात व्यवस्था सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी होना सुनिश्चित करें। अधिकारी समारोह के दौरान स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुति, पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से किया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यू आर साहू, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता शामिल हुए। इस बैठक में उदयपुर से संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी राजेश मीणा, कलक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल सहित अधिकारी जुड़े। बाद में ये अधिकारी कार्यक्रम स्थल गांधी ग्राउंड भी गए और वहां किए जा रहे प्रबंधों को लेकर जानकारी ली। इस दौरान यूडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, एडीएम सिटी वारसिंह, सीईओ हेमेंद्र नागर सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे


