गणेश नगर क्षेत्र में पिछले 5-6 महीनों से लगातार पानी भरा हुआ है। इस स्थायी जलभराव के कारण पानी पर गंदी काई जम गई है और बदबू फैल रही है। स्थानीय निवासी धनेश चंद शर्मा और धनीराम सहित कई परिवारों ने बताया कि उनके घर चारों ओर से पानी से घिरे हुए हैं। इस वजह से वे न तो किसी काम से बाहर जा पा रहे हैं और न ही सामान्य जीवन जी पा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि पानी में लगातार कीड़े-मकोड़े घूमते रहते हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। घर से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया है और बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था की जाए और क्षेत्र को राहत दिलाई जाए।


