भीलवाड़ा में एक मजदूर ने रविवार रात गमछे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सोमवार सुबह दूसरे किराएदारों ने खिड़की से झांका तो वह फंदे पर लटका था। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मामला शहर के प्रतापनगर थाना इलाके की लेबर कॉलोनी का है। प्रतापनगर थाने के हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार ने बताया- शहर के पांसल चौराहा के पास लेबर कॉलोनी में रामप्रवेश महतो (19) किराए पर रहता था। वह बिहार के सिवान जिले के गांव गोरिया कोठी का रहने वाले जयराम महतो का बेटा था। रविवार देर शाम रामप्रवेश ने गमछे का फंदा बनाकर छत के कड़े से लटककर सुसाइड कर लिया। उसी मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों ने रामप्रवेश के कमरे का दरवाजा खटखटाया। उसने दरवाजा नहीं खोला तो किराएदारों ने खिड़की में से कमरे में झांककर देखा। रामप्रवेश फंदे से लटका था। इसके बाद किराएदारों ने भीलवाड़ा में रहने वाले रामप्रवेश के चाचा मदन महतो और पुलिस को घटना की सूचना दी। मदन महतो और प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतरवा कर महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद परिजन को सूचना दी। परिजन के आने बाद सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। फिलहाल सुसाइड के कारण अभी सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


