गरबा प्रैक्टिस के बीच से महिला का अपहरण, VIDEO:मंदसौर में 2 महिलाओं समेत 6 लोग घसीटते ले गए, नाकाबंदी में पकड़ाए; लिवइन में रह रही थी महिला

मंदसौर में गरबा प्रैक्टिस कर रही महिला का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। ये लोग उसे घसीटते हुए अपने साथ ले गए। वहां मौजूद एक युवती ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे आरोपियों ने धक्का दे दिया। एक आरोपी के हाथ में कट्टा था। घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। खानपुरा के भावसार धर्मशाला में महिलाएं और युवतियां गरबा की प्रैक्टिस कर रही थीं। तभी 4 युवक और दो महिलाएं वहां पहुंची और गरबा कर रही महिला को पकड़ लिया। वे उसे अपने साथ ले जाने लगे। वहां मौजूद सभी लोग डरकर पीछे की तरफ भाग गए। सिर्फ एक युवती उसे बचाने आगे आई, लेकिन आरोपी महिलाओं ने उसे धक्का दिया और मारपीट की। आरोपी महिला को गलियों में घसीटते हुए अपने साथ जबरदस्ती ले गए। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में नाकाबंदी करा दी। चेकिंग के दौरान शामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवासा में गाड़ी को रुकवाया। इसमें से महिला को बरामद किया गया। 3 तस्वीरों में देखें पूरा घटनाक्रम… पति को छोड़ लिव इन में रह रही थी महिला
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि गरोठ थाना क्षेत्र निवासी महिला अपने पति को छोड़कर पिछले 3 महीने से यश नाम के युवक के साथ मंदसौर में लिव-इन-रिलेशन में रह रही थी। शनिवार रात महिला के परिजन गरबा पंडाल पहुंचे और उसे अगवा कर वैन से अपने साथ ले जा रहे थे। फिलहाल, दो महिलाओं समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति की शराब पीने और मारपीट करने की आदतों से तंग आ गई थी। वह यश के साथ ही रहना चाहती है, जिसके लिए उसके परिजन तैयार नहीं है। एसपी ने बताया- पूरे शहर में नाकाबंदी की
एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया, कोतवाली में सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक महिला का अपहरण कर लिया है। उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर शहर से बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। हमने तमाम थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी की। इसी दौरान शामगढ़ थाने से चंदवासा चौकी पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली तो उसमें आरोपियों सहित पीड़ित महिला मौजूद थी। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। आरोपियों से एक पिस्टल जब्त की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *