गरियाबंद में नेशनल हाईवे 130C के पांडुका-अभनपुर मार्ग पर मोपेड सवार दंपती सड़क पर रखी बिल्डिंग मटेरियल से टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों ड्रेनेज के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। हादसे में दंपती को आंतरिक चोटें आई हैं। इस मार्ग पर 193 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कंपनी मैसर्स सुभाष अग्रवाल के साइट इंचार्ज अमन दुबे ने सुरक्षा मानकों पर उठे सवालों को टाल दिया। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक है और वे अन्य कामों में व्यस्त हैं। एक साल से पीछे चल रहा निर्माण कार्य निर्माण कार्य एक साल से पीछे चल रहा है। वेटिंग रूम और टोल प्लाजा समेत कई जगहों पर डामरीकरण का काम अधूरा है। पुलिया निर्माण के बाद सड़क पर डामर नहीं बिछाया गया है। ड्रेनेज के लिए गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन आगे का काम नहीं हुआ है। राजिम विधायक ने विधानसभा में उठाया था यह मुद्दा राजिम विधायक रोहित साहू ने विधानसभा सत्र में यह मुद्दा उठाया था। उनके अनुसार, मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय इंजीनियर नेपाल सिंह ने कहा कि सड़क का अब तक 85 फीसदी कार्य हुआ है। बचे हुए 15 फीसदी काम को पूरा किया जा रहा है। निर्माण सामग्री को लेकर आई लापरवाही को ठीक किया जाएगा, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके।


