आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया इंचार्ज और पंजाब सरकार के रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य सतनाम सिंह मठाड़ू ने मनरेगा में किए गए बदलावों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा में बदलाव कर गरीब मजदूरों की रोजी-रोटी छीनने की साजिश कर रही है। मठाड़ू ने कहा कि केंद्र की ओर से लाया जा रहा वीबी-जी राम-जी बिल मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने के समान है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में 100 प्रतिशत फंड की गारंटी थी, लेकिन अब केंद्र सरकार इससे पीछे हटते हुए राज्यों पर 40 प्रतिशत का आर्थिक बोझ डाल रही है। मठाड़ू ने कहा कि आम आदमी पार्टी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए बड़ा संघर्ष करेगी और किसी भी कीमत पर उनका रोजगार छिनने नहीं देगी। इसी कारण पंजाब सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर इस कानून के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया है। मठाड़ू ने भाजपा की नई नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि यह देश के गरीबों के मुंह से रोटी छीनने की साजिश है। मनरेगा का नाम बदलकर ‘वीबी-जी राम-जी एक्ट’ रखा गया है और इसके तहत किए गए बदलाव मजदूरों के लिए खतरनाक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र पहले ही जीएसटी का बड़ा हिस्सा ले जा रहा है, तो राज्य सरकारें 40 प्रतिशत फंड कहां से देंगी। उन्होंने कहा कि खेती के मौसम में मनरेगा का काम बंद करना गरीब मजदूरों के लिए घातक साबित होगा।


