भुरकुंडा | भुरकुंडा सयाल मोड़ स्थित जागृति आश्रम में रविवार को प्रभात संगीत दिवस पर तीन घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया। इस अवसर पर नारायण भोज का आयोजन किया गया तथा गरीब बच्चों के बीच कॉपी और कलम वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान हुई बैठक में आश्रम के पीछे का जर्जर हो चुका दिवाल, जो गिरने की स्थिति में है, उसके जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। मौके पर मुख्य रूप से रामगढ़ से भोला प्रसाद चौधरी, कृष्ण शर्मा, अनीता शर्मा, लक्ष्मण प्रजापति, शत्रुघ्न जी, पतरातू से डॉ. उर्मिला देवी, गोपी जी, सुनील अग्रवाल, रामचंद्र जी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित हुए। अंत में परमपिता बाबा की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। गिद्दी| राष्ट्रीय जनता दल की एक बैठक रविवार को गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी में हुई। बैठक में संगठन को मजबुत बनाने पर बल दिया गया। बैठक में जिला प्रशासन से वाशरी कॉलोनी से मिश्राईनमोढ़ा तक जर्जर हुए सड़क को बनाने की मांग की गई। वहीं प्रखंड मुख्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की है। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष जमीर अंसारी ने की। मौके पर चंद्रशेखर सिंह, कमल गोप, राजनाथ यादव, इबरार अंसारी, असलम अंसारी, असरार अंसारी, सौकत अंसारी, आजाद आलम, नवीन कुमार, पच्चु भुइयां, कुदूस अंसारी, इसहाक अंसारी, शेखावत अंसारी, शहीद अंसारी आदि थे। भुरकुंडा | पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा रविवार को जवाहर नगर भुरकुंडा पहुंचे। उन्होंने बुढ़वा महादेव मंदिर के अध्यक्ष दिवंगत गणेश साव के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। जयंत सिन्हा ने स्व गणेश साव के तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर स्व. साव की पत्नी सुशीला देवी, बड़े पुत्र दीपक प्रसाद, राजकुमार साहू, पुत्रवधु रेणुबाला, ममता साहू, पोता ऋषभ राज, पौत्री आकांक्षा ज्योति, जया वेदराज साहु मौजूद थे। जयंत सिन्हा ने कहा कि गणेश साव अपने सामाजिक कार्यों और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान रखते थे। उनका निधन केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। जयंत सिन्हा ने आश्वासन दिया कि उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए मंदिर परिसर में एक स्मारक बनाने का प्रयास किया जाएगा। गणेश साव जैसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनके विचार और कार्य हमेशा लोगों को दिशा देंगे। उन्होंने दिवंगत के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। मगनपुर | गोला प्रखंड क्षेत्र के पतरातु गांव के ग्रामीणों ने सड़क मरम्मती की मांग को लेकर रामगढ़ उपायुक्त को आवेदन दिया है। जिसमें कहा है कि रामगढ़ बोकारो मुख्य मार्ग एन एच 23 के गोला प्रखंड क्षेत्र के सोसोकला गांव से पतरातु गांव तक जानेवाली मार्ग बिल्कुल ही जर्जर हो चुकी है। इसकी जानकारी आवेदन के माध्यम से उपायुक्त सहित आवेदन की प्रतिलिपि सांसद मनीष जायसवाल, विधायक ममता देवी, जिप सदस्य रेखा सोरेन व प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ सुधा वर्मा को देते हुए ग्रामीणों को हो रही परेशानी से अवगत कराया है। कहा है कि उक्त सड़क का निर्माण पहली बार 2012 ई में रुद्रा कंस्ट्रक्शन के द्वारा किया गया था। जिसके बाद से सड़क को पलटकर देखने वाला कोई नहीं है। जिस कारण सड़क की स्थिति बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। कहा गया है कि उक्त गांव तक जानेवाली मार्ग पर मिलने वाले सभी गांव कृषि पर निर्भर करता है। प्रत्येक दिन सैकड़ो किसान छोटे बड़े वाहनों से गोला डेली मार्केट पहुंचते हैं। जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन सभी परेशानियों को देखते हुए उपायुक्त सहित सभी जनप्रतिनिधियों को सैकड़ों लोगों का हस्ताक्षर युक्त आवेदन दिया गया है। ताकि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए।


