सिरोही में स्वास्थ्य भवन सभागार में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में गर्भनिरोधक इंजेक्टेबल कॉन्ट्रासेप्टिव (अंतरा) का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आई पास डेवलपमेंट फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर सलीम खान ने स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को प्रशिक्षण दिया। सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि अंतरा इंजेक्शन की सेवाएं अब जिला अस्पताल, सभी सीएचसी, शहरी पीएचसी और सब सेंटर पर उपलब्ध हैं। महिलाओं को हर तीन माह में नियमित फॉलो-अप के लिए बुलाया जाएगा। इसके लिए अंतरराज्य नाम से एक ऑनलाइन सॉफ्टवेयर भी विकसित किया गया है, जो लाभार्थियों को अगली डोज का रिमाइंडर भेजेगा। प्रशिक्षण में FPLMIS ऐप के माध्यम से परिवार नियोजन सामग्री के वितरण की जानकारी दी गई। साथ ही, गर्भनिरोधक सेवाओं में सुधार के लिए VCAT (मूल्यों के स्पष्टीकरण से गर्भ निरोधक सेवा में परिवर्तन) पर विशेष चर्चा की गई। स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को काउंसलिंग टूल के उपयोग और सेवा प्रोटोकॉल की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. चंदन सिंह, बीसीएमओ पिंडवाड़ा डॉ. भूपेंद्रप्रताप सिंह, जिला आईईसी समन्वयक दिलावर खां और आईपास संस्थान के जिला समन्वयक धीरज राजपुरोहित उपस्थित रहे।


