भास्कर न्यूज | लुधियाना गर्मियों में उमसऔर पसीने की वजह से स्किन पर चिपचिपापन आ जाता है, जो न सिर्फ असहजता पैदा करता है बल्कि स्किन पर मुंहासे, दाने और जलन जैसी समस्याएं भी लाता है। ब्यूटी एक्सपर्ट के मुताबिक सबसे जरूरी है कि आप अपना स्किन केयर रूटीन मौसम के हिसाब से बदलें। सुबह और रात दोनों समय चेहरे को एक जेंटल ऑयल-फ्री फेस वॉश से धोना चाहिए, जो स्किन से एक्स्ट्रा ऑयल हटाए लेकिन उसे ड्राई भी न करे। गर्मियों में स्किन का खासकर ध्यान रखने से न सिर्फ आप चिपचिपेपन से बच सकते हैं, बल्कि आपकी त्वचा साफ, हेल्दी और ग्लोइंग भी बनी रहती है। इसके बाद टोनर का इस्तेमाल जरूर करें। गुलाबजल या खीरे का रस नैचुरल टोनर की तरह काम करता है और स्किन को ठंडक देता है। इससे पोर्स टाइट होते हैं और स्किन पर ऑयल जमा नहीं होता। मॉइश्चराइजर चुनते समय ध्यान रखें कि वह नॉन-कॉमेडोजेनिक और जेल बेस्ड हो। एलोवेरा जेल या हल्के वाटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर गर्मियों के लिए बेस्ट होते हैं। चिपचिपी स्किन से राहत पाने के लिए घरेलू उपाय भी असरदार होते हैं। सप्ताह में दो बार मुल्तानी मिट्टी का फेसपैक लगाएं, जो स्किन का ऑयल सोखता है और फ्रेश लुक देता है। बेसन और दही का पैक भी स्किन को कूलिंग इफेक्ट देता है और डेड स्किन हटाता है। साथ ही नींबू और शहद का मिक्सचर स्किन को क्लीन और ब्राइट करता है। सनस्क्रीन का इस्तेमाल न भूलें, और बाहर जाते समय चेहरे को स्कार्फ या कैप से ढकें ताकि धूप से स्किन को बचाया जा सके। स्किन को दिन में कई बार धोने की बजाय फेस मिस्ट या ठंडे पानी से चेहरा ताजगी भरा बनाया जा सकता है।


