झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशि रंजन ने सभी जिलों में चाइल्ड एंटाइटलमेंट से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्मी की छुट्टियों से पहले बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, कॉपी, स्टेशनरी, छात्रवृत्ति और यूनिफॉर्म जैसी आवश्यक सामग्रियां वितरित की जाएं। ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए। झारखंड में सोमवार को स्कूल रुआर-2025 बैक टू स्कूल अभियान की शुरुआत हुई। अभियान की शुरुआत झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने वर्चुअल बैठक के साथ की। इसी बैठक में उन्होंने ये निर्देश दिये। बैठक में रंजन ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता देने और समयबद्ध ढंग से पूरा करने की सख्त हिदायत दी। बैठक में निदेशक शशि रंजन ने कहा कि स्कूल रुआर-2025 अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा ड्रॉप बॉक्स के बच्चों व आउट ऑफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना है। राज्य स्तर से लेकर संकुल और विद्यालय स्तर तक इस अभियान का असर दिखना चाहिए। कहा कि कोई भी बच्चा अनामांकित न रहे, यह सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय पदाधिकारी लगातार एमआईएस में प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर अभियान की निगरानी करे।


