रांची| राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में परिवहन विभाग की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बीते वित्तीय वर्ष में लक्ष्य पूरा नहीं करने पर नाराजगी जताई। बैठक में परिवहन सचिव विप्रा भाल, संयुक्त सचिव संगीता लाल, संयुक्त सचिव मनोज कुमार, संयुक्त परिवहन आयुक्त प्रदीप कुमार, प्रवीण प्रकाश उपस्थित थे। बैठक में परिवहन विभाग एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित अद्यतन स्थिति के प्रस्तुतीकरण एवं जिला परिवहन पदाधिकारियों द्वारा लक्ष्य की प्राप्ति नहीं किये जाने पर उन्हें चेतावनी देते हुए अगले माह में लक्ष्य को पूर्ण किये जाने का निदेश दिया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले तीन माह तक कार्य-योजना के अनुरूप ही राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य करें। उन्होंने राज्य की सीमा से लगने वाले स्थानों पर 11 चेकपोस्ट की स्थापना के लिए काम करने का निर्देश दिया।


