डीग जिले के झीतरेडी गांव में गर्म पानी से झुलसने के बाद एक 3 वर्षीय बच्ची अलीशा की मौत हो गई। बच्ची के दादा हनीफ खान ने समून उर्फ कालू पक्ष पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया है। जालुकी पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नगर उपजिला अस्पताल मोर्चरी में रखवाया है। बच्ची के दादा हनीफ खान ने बताया कि 11 दिसंबर को उनका गांव झीतरेडी में समून उर्फ कालू पक्ष से विवाद हुआ था, जिसके बाद जालुकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। अगले दिन 12 दिसंबर को समून पक्ष के लोगों ने उनकी पोती अलीशा पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। अलीशा को तुरंत नगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस मामले में परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा दायर किया। 16 दिसंबर को बच्ची अलीशा ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे पक्ष समून ने इन आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। उनका कहना है कि इस बच्ची की मौत से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हनीफ खान पक्ष उनके खिलाफ दर्ज 307 के एक मुकदमे में आरोपी है और उन पर दबाव बनाने के लिए यह झूठा आरोप लगा रहा है। जालुकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


