जयपुर | विद्याधर नगर में शैक्षणिक संस्थान के पास 200 मीटर के दायरे में शराब की दुकान नहीं होने जैसे नियमों की धज्जियां उड़ रही है। सरकारी गर्ल्स कॉलेज के पास थड़ियों से लेकर शराब का ठेका तक चल रहा है। मामले को लेकर कॉलेज प्रिंसिपल ने डिप्टी सीएम दीया कुमारी व आबकारी विभाग को भी पत्र लिखा है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलेज प्रिंसिपल अल्का त्रिपाठी ने 16 दिसंबर को पत्र लिखकर बताया था कि गर्ल्स कॉलेज के आस-पास प्रतिबंधित क्षेत्र में तम्बाकू, गुटखा, शराब व मीट की दुकानें खुली है। जो शैक्षणिक वातावरण के अनुकूल नहीं है। इसलिए इन दुकानों को हटवाया जाए। ताकि छात्राओं के लिए अच्छा शैक्षणिक माहौल मिल सके। विद्याधर नगर के राजकीय गर्ल्स कॉलेज में वर्तमान में बीए की 375 छात्राएं हैं, जिन्हें कॉलेज आने में परेशानी होती है, क्योंकि आस- पास शराब ठेका व अन्य दुकानें चल रही है, जमावड़ा लगा रहता है। गौरतलब है कि कॉलेज इस भवन में जुलाई 2025 में शिफ्ट हुआ था। तब से हालात नहीं सुधरे हैं। दूसरी ओर अब आबकारी विभाग ने शराब दुकान संचालक को पत्र लिखा है, जिसमें कहा है कि दुकान की लोकेशन अप्रैल 2025 में स्वीकृत की गई थी, तब कॉलेज संचालित नहीं था। इसके बाद आपकी दुकान के पास कॉलेज संचालित होने से शिकायत आई है। दुकान के लिए नई लोकेशन विभाग को प्रस्तुत करें।


