गलियों में सीवरेज का पानी, छतों पर बिजली की तारें

भास्कर न्यूज| अमृतसर पश्चिम हलके के अधीन आते वार्ड 76 के इलाके इंदिरा कॉलोनी, अवतार एवेन्यू और नींवी पत्ती में लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। लोगों के मुताबिक पिछले लंबे समय से इलाके में सीवरेज, कूड़ा लिफ्टिंग, टूटी गलियों और बिजली की तारों की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई समाधान नहीं किया जा रहा। इंदिरा कॉलोनी के लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक साल से गलियों में सीवरेज का गंदा पानी जमा है। पानी हरा पड़ चुका है और बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। हालत यह है कि लोग ईंटें रखकर गलियों को पार करने को मजबूर हैं। वहीं कूड़े की नियमित लिफ्टिंग न होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। अवतार एवेन्यू में हालात भी खतरनाक बने हुए हैं। यहां लोगों के घरों की छतों पर हाई वोल्टेज बिजली की केबल रखी गई है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। नींवी पत्ती इलाके में गलियों की हालत खस्ता है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उनकी समस्याओं को भुला दिया जाता है। पार्षद सुखबीर सिंह सोनी ने कहा कि नींवी पत्ती में वाटर सप्लाई की पाइपलाइन डाली जा रही है, जिसके बाद गली को ठीक कर दिया जाएगा। इंदिरा कॉलोनी में सीवरेज समस्या के समाधान के लिए आकाश एवेन्यू में जगह खरीदकर नई पाइप डाली जा रही है। कूड़े की लिफ्टिंग अब रोजाना शुरू हो चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवार रहे सिमरनजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने वार्ड में घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगे थे। जिन समस्याओं का जिक्र उस समय था, वे आज भी जस की तस बनी हुई हैं। वह आज भी वार्डवासियों से मिलते है लोगों का कहना है कि जीते हुए पार्षद लोगों के काम नहीं करवा रहे। बलहार सिंह निवासी नींवी पत्ती ने बताया कि गली में जगह-जगह से इंटरलॉकिंग टाइलें उखड़ी हुई हैं। गली गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। काम के बाद टाइलें वापस नहीं लगाई जातीं। राज कौर निवासी इंदिरा कॉलोनी ने बताया कि सीवरेज और कूड़े की वजह से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इलाके में कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, लेकिन लिफ्टिंग करने कोई नहीं आता। सुमन निवासी इंदिरा कॉलोनी ने बताया कि पिछले एक साल से गलियों में सीवरेज का गंदा पानी जमा है। हर समय ब्लॉकेज रहती है। गंदगी के कारण रिश्तेदार भी घर आने से कतराते हैं। नरिंदर कुमार निवासी अवतार एवेन्यू ने बताया कि पिछले कई साल से बिजली की तारों की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इंदिरा कॉलोनी में जाम सीवरेज। घरों की छतों पर बिजली की तारें। अवतार एवेन्यू में लटकती तारें। इंदिरा कॉलोनी में कूड़े का ढेर। नींवी पत्ती में टूटी गली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *