अमनदीप सिंह | अमृतसर सेंट्रल हलके की वार्ड 52 स्थित फतेह सिंह कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। यह कॉलोनी काफी विशाल है, लेकिन अलग-अलग गलियों में सीवरेज, पानी, बिजली और सड़कों से जुड़ी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। कॉलोनी की गली नंबर 25 में सीवरेज की लगातार ब्लॉकेज बनी हुई है। गंदा पानी गलियों में बह रहा है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है और सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही है। वहीं गली नंबर 30 के बाहर बिजली का बॉक्स खुला पड़ा है। बॉक्स पूरी तरह टूटा हुआ है, जो बच्चों और आवारा जानवरों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। गली नंबर 21 में पानी की समस्या भी गंभीर रूप ले चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आधे इलाके में ही वाटर सप्लाई डाली गई, जबकि बाकी हिस्से को छोड़ दिया गया। इसके अलावा गली नंबर 22 के बाहर बिजली का खंभा टेढ़ा हो गया है, जो कभी भी गिर सकता है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं गली नंबर 21 और 22 की मेन सड़क को भी अधूरा छोड़ दिया गया है। यहां जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। पार्षद विकास सोनी ने कहा कि जो सड़क छोड़ी गई है, वहां कुछ लीकेज थी। वह ठीक कर ली गई है, उस सड़क को बनाया जाएगा। वह पिछली बार भी वार्ड में पार्षद थे, वह ही इलाके में वाटर सप्लाई लेकर आए। लेकिन सरकार बदल जाने से अब सत्ता में बैठी आम आदमी पार्टी की सरकार उनकी वार्ड से पक्षपात कर रही है। न ही निगम और न ही बिजली विभाग के अधिकारी बात सुनने को राजी हैं। वार्ड 52 में भाजपा से चुनाव लड़े कमलजीत शर्मा गोल्डी ने कहा कि वार्ड का बुरा हाल है। लोगों की समस्या का हल नहीं किया जा रहा। लोग उनके पास रोजाना समस्या लेकर पहुंचते है। लेकिन पार्षद लोगों के बीच में नहीं पहुंचते। जबकि लोगों ने उन्हें इसलिए ही चुना है कि लोगों की समस्याओं का हल हो सके। लेकिन लोग सीवरेज, टूटी सड़कों, वाटर सप्लाई, बिजली आदि समस्याओं से जूझ रहे हैं। अजय सिंह ने बताया कि गली नंबर 30 के बाहर बिजली का बॉक्स टूटा हुआ और खुला पड़ा है। बच्चे रोज उसके पास से गुजरते हैं। यहां कभी भी बड़ा हादसा कर सकता है। प्रशासन को चाहिए कि इन समस्याओं का लेकर तुरंत समाधान करवाए। करमजीत सिंह बिट्टा ने बताया कि गली नंबर 25 में सीवरेज की समस्या बनी हुई है। गली में गंदा पानी बहता रहता है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। सड़क भी खराब हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। सुखचैन सिंह ने बताया कि गली नंबर 21 में पानी की सबसे बड़ी समस्या है। आधी कॉलोनी में पानी की सप्लाई है और आधी में नहीं। दूसरे घरों से पानी लाना पड़ता है। यह हालात पिछले काफी समय से बने हुए हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। गुरमेज सिंह निवासी गली नंबर 22 ने बताया कि इलाके में बिजली का खंभा काफी समय से टेढ़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। डर लगा रहता है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। प्रशासन को जल्द इस ओर ध्यान देना चाहिए। फतेह सिंह कॉलोनी गली नंबर 25 कॉलोनी के मोड़ पर टेढा बिजली का खंभा। गली नंबर 30 के बाहर खुला मीटर बॉक्स। गली नंबर 21-22 के बाहर टूटी सड़क।


