गवर्नर कटारिया से मिले पंजाब मुख्यमंत्री मान:लुधियार वेस्ट से जीते अरोड़ा को मंत्रीपद की शपथ दिलाने की तैयारी, कल दिल्ली रवाना होंगे सीएम

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार एक बार फिर बड़े सियासी बदलाव की ओर बढ़ने वाली है। मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिले हैं। सीएम ने बाहर निकलते ही स्पष्ट किया कि 3-4 दिनों में मंत्रीमंडल में फेरबदल होगा। वहीं, उन्होंने गवर्नर के आगे चंडीगढ़ में AAP कार्यालय की मांग भी रखी है। सीएम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने गवर्नर के सामने मांग रखी है। दफ्तर के लिए जगह दी जाए। उन्होंने कहा कि नियमों अनुसार हम सारे नियम पूरे करते हैं और वे उन्हें लिख कर दे आए हैं। जल्द ही आम आदमी पार्टी के पास चंडीगढ़ में अपना कार्यालय होगा। चेहरों पर बोलने से इनकार वहीं, उन्होंने स्पष्ट कहा कि आने वाले 2-4 दिनों में कैबिनेट में विस्तार की तैयारी है। उन्होंने कहा- लोगों के मैनडेट का सतकार करना बनता है। 2022 में हम लुधियाना वेस्ट में तकरीबन 7 हजार वोटों से जीते थे और अब 12 हजार के करीब वोटों से जीते हैं। ऐसे में अब संजीव अरोड़ा को राजभवन की सीढ़ियों पर चढ़ाया जाएगा। लेकिन, जब उनसे पूछा गया कि कोई फेरबदल होगी या किसी और को भी मंत्रीपद की शपथ दिलाई जाएगी, तो उन्होंने बोलने से मना कर दिया। लुधियाना उपचुनाव ने बढ़ाई हलचल हाल ही में संपन्न लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव में संजीव अरोड़ा की जीत के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई थी। संजीव अरोड़ा वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं, लेकिन अब विधायक चुने जाने के बाद उन्हें मंत्री बनाया जा रहा है। सीएम मान ने कहा कि कल वे दिल्ली जा रहे हैं और वापस आने के बाद कैबिनेट में उन्हें जोड़ा जाएगा। एक और नाम पर भी चर्चाएं तेज सूत्रों का कहना है कि मंत्रीमंडल में दो पद खाली हैं। ऐसे में अरोड़ा के साथ-साथ एक और विधायक को भी शपथ दिलाई जा सकती है। इनमें मालवा क्षेत्र से एक महिला विधायक और एक दूसरी बार जीतकर आए युवा विधायक के नाम की अटकलें चल रही हैं। पार्टी की रणनीति इस फेरबदल के जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की है। वहीं, माझा क्षेत्र से एक पुराने विधायक की संभावित वापसी को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं। पार्टी हाईकमान उन विधायकों की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों की निगरानी कर रहा है, जिन्हें विचाराधीन की श्रेणी में रखा गया है। यह होगा भगवंत मान सरकार का सातवां फेरबदल भगवंत मान के नेतृत्व में यह तीन साल के कार्यकाल का सातवां मंत्रिमंडल फेरबदल होगा। इससे पहले हुए बदलावों में भी पार्टी ने प्रदर्शन और क्षेत्रीय समीकरणों को आधार बनाकर निर्णय किए थे। इस बार भी यही फार्मूला अपनाए जाने की संभावना है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री के बीच बीते कुछ दिनों से लगातार बैठकें चल रही हैं। माना जा रहा है कि राज्यपाल से इस औपचारिक मुलाकात के बाद फेरबदल की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। लुधियाना उपचुनाव में AAP की निर्णायक जीत लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के नतीजे आम आदमी पार्टी के लिए राजनीतिक राहत लेकर आए। संजीव अरोड़ा ने कुल 35,000 से अधिक वोट हासिल करते हुए करीब 11,000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर रही। यह चुनाव AAP विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के कारण हुआ था। मतदान 19 जून को हुआ और नतीजे 23 जून को घोषित किए गए। पार्टी के लिए यह जीत ऐसे समय आई जब पार्टी के भीतर असंतोष और दिल्ली नेतृत्व के प्रभाव को लेकर सवाल उठ रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *