गसवानी पुलिस ने SBI क्योस्क चोरी का किया खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, एक लाख रुपए बरामद

श्योपुर जिले के विजयपुर अनुभाग के गसवानी थाना क्षेत्र में स्थित एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) क्योस्क सेंटर में हुई चोरी का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई रकम का एक बड़ा हिस्सा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी महेश पुत्र मानसिंह धाकड़ (45), निवासी गोहरा, वर्तमान में विजयपुर में रहता है। वह ग्राम सहसराम में एक किराए की दुकान में SBI क्योस्क सेंटर चलाता है। 15 जनवरी की शाम करीब 4 बजे महेश धाकड़ ने रोज की तरह सेंटर बंद किया और ताला लगाकर विजयपुर चला गया। अगले दिन 16 जनवरी को सुबह लगभग 9:30 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा, तो उसने देखा कि टेबल के दराज में रखे 1 लाख 20 हजार रुपये गायब थे। अज्ञात चोरों द्वारा नकदी चोरी किए जाने पर उसने गसवानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 05/26, धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गसवानी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सहसराम निवासी दर्शन पुत्र रमेश धाकड़ (27) और सौरभ पुत्र रमेश शाक्य (21) से संदेह के आधार पर गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों से कुल 1 लाख 4 हजार रुपये बरामद किए गए। दर्शन धाकड़ से 54 हजार रुपये और सौरभ शाक्य से 50 हजार रुपये जब्त किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भारतसिंह गुर्जर के साथ प्र.आर. 423 धर्मेन्द्र सिंह, प्र.आर. 316 जगदीश मांझी, आर. 242 शिवजी रावत, आर. 86 रंजीत राठौर, आर. 454 मोहन दांगी, आर. 583 रामलखन धाकड़, आर. 163 रिंकू गोले, आर. राजबल्लभ यादव और सायबर सेल श्योपुर की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *