ओएमआर शीट गड़बड़ी पर सियासी वार-पलटवार का दौर जारी है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कर्मचारी चयन बोर्ड की परीक्षाओं में ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह के पकड़े जाने के मामले में एक बार फिर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने भाजपा राज के दौरान पिछले दो साल में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच का मुद्दा फिर उठाया है। गहलोत ने एक्स पर लिखा- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट बदलने वाले गिरोह के पकड़े जाने के पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार की रहस्यमयी चुप्पी चिंताजनक है। हमारी सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आजीवन कारावास, 10 करोड़ जुर्माना और दोषियों की संपत्ति जब्त जैसा देश का सबसे सख्त कानून बनाया और बिना किसी भेदभाव के RPSC सदस्य तक को जेल की सलाखों के पीछे भेजकर नजीर पेश की। पिछली सरकारों पर दोष नहीं मढ़ा गहलोत ने लिखा- ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करने वाली भाजपा सरकार बताए कि वह अपने कार्यकाल (2024-25) के दौरान हुई परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच करवाने की घोषणा करने से क्यों बच रही है? क्या भाजपा सरकार युवाओं के साथ न्याय नहीं करना चाहती है? सीएम और बीजेपी नेता गहलोत पर पलटवार कर चुके ओएमआर शीट गड़बड़ी मामले में गहलोत पहले भी दो साल की भर्ती परीक्षाओं की जांच का मुद्दा उठा चुके हैं। गहलोत के ट्वीट के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने सिरोही की सभा और कल जयपुर में मेगा पीटीएम में बोलते हुए गहलोत पर पलटवार कर चुके हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा था कि 2019 में पेपर हुए, पूर्व मुख्यमंत्री जी, ओएमआरशीट का मामला आपके घर तक जा रहा है। आपका पीएसओ क्या आपके बिना चला, पूर्व मुख्यमंत्री को यह नहीं दिखता। पूर्व मुख्यमंत्री जी की उम्र हो गई, अब चश्मा बदलवा लीजिए। कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें केवल बोलना है। युवाओं के साथ गलत करने वाले सजा भुगतेंगे। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। — ये खबर भी पढ़ें गहलोत बोले-राजस्थान में 2-साल में हुई भर्ती परीक्षाएं संदेह में:बोर्ड के कर्मचारियों ने ही OMR शीट में गड़बड़ी की, भाजपा पेपर लीक पर राजनीति कर रही पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी के मामले में कर्मचारी चयन बोर्ड के कर्मचारियों के पकड़े जाने के बाद अब इस अवधि में हुई सभी परीक्षाओं की जांच करवाने की मांग की है। गहलोत ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक मामले में राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)


