राजस्थान में आंधी-बारिश और ओले गिरने से मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है। हिल स्टेशन माउंट में शुक्रवार रात का तापमान माइनस 7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। ये इस सीजन का सबसे कम तापमान है। शनिवार सुबह यहां जगह-जगह बर्फ की मोटी परत जमी नजर आई। वहीं, सीकर, बाड़मेर, जैसलमेर सहित कई जिलों में खेतों में बर्फ जम गई। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 10 डिग्री तक लुढ़क गया है। जयपुर, दौसा, अलवर सहित कई जिलों में सुबह से बर्फीली हवा चल रही है। वहीं, मौसम विज्ञान केन्द्र ने राज्य में 24 और 25 जनवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। केंद्र के अनुसार 26 और 27 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की संभावना जताई है। इस सिस्टम के असर से आंधी-बारिश की संभावना है। कई इलाकों में घना कोहरा भी रह सकता है। बर्फीली हवा से लुढ़का पारा, दिन में भी ठिठुरन शुक्रवार को राजस्थान के 10 से ज्यादा जिलों में बरसात हुई। कई जिलों में ओले भी गिरे। इसके असर से तापमान में बड़ी गिरावट हुई है। पारे में गिरावट का असर माउंट आबू सहित शेखावाटी और बार्डर एरिया वाले जिलों में सबसे अधिक दिख रहा है। माउंट आबू में पारा माइनस 7 डिग्री तक लुढ़क गया है। वहीं, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण राजस्थान के अधिकतर हिस्से शनिवार सुबह से बर्फीली हवा की चपेट में हैं। दिन और रात के तापमान में गिरावट के कारण सर्दी बढ़ गई है। बर्फ जमने के कारण फसलों के नुकसान की भी आशंका है। वहीं, शुक्रवार को जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर समेत 15 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी राज्य में शुक्रवार तड़के से ही कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। जयपुर, सीकर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, दौसा, नागौर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा चली। बारिश के बाद दिनभर आसमान में हल्के बादल, धुंध रही। इससे सूरज की चमक कमजोर रही और तापमान में बड़ी गिरावट रही। राज्य के लगभग सभी जिलों में सर्दी तेज हो गई। शुक्रवार दिन में सबसे ज्यादा सर्दी सिरोही में रही, जहां अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब देखिए- मौसम से जुड़े PHOTOS…


