भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कोतवाली पुलिस ने गांजा बेचने पहुंचे बाप-बेटे को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपी ग्राहक की तलाश में पुलिस लाइन के सामने जोराताल क्षेत्र में खड़े थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दौजरी निवासी गणेश साहू (36) और उसका पिता भागवत साहू (60) शामिल हैं। दोनों के पास से एक हरा-सफेद थैला मिला। उसमें 0.9705 किलोग्राम गांजा और 300 रुपए नकद बरामद हुए। जब्त गांजे की कीमत करीब 9300 रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मामले में दोनों आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लालजी सिन्हा, साइबर प्रभारी मनीष मिश्रा, उप निरीक्षक रजनीकांत दीवान, प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू और टीम की अहम भूमिका रही।


