भास्कर न्यूज |लोहरदगा लोगों को यातायात नियमों का पाठ कुछ अलग अंदाज में शनिवार को पढ़ाते देखा गया। सड़क सुरक्षा माह में गांधीगिरी का अनोखा अंदाज, हेलमेट पहनने वालों का गुलाब देकर स्वागत, न पहनने वालों को फूलमाला पहनाया गया। सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर लोहरदगा जिले में अनोखे अंदाज़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांधीगिरी के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संदेश दिया गया। हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे लोगों का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। जबकि हेलमेट नहीं पहनने वालों को फूलों की माला पहनाई गयी ताकि वे आगे से यातायात नियमों का पालन करें। यह कार्यक्रम तीन प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। जिनमें बरवाटोली चौक, बीएस कॉलेज के पास तथा समाहरणालय चौक शामिल हैं। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व, सुरक्षित ड्राइविंग एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक, रोड इंजीनियरिंग एनालिटिक्स तथा सड़क सुरक्षा के सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी जान की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से अपनाएं और यातायात नियमों का पालन करें।


