भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड के छोटा सिजुलता में गांधी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट अंतर्गत गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी द्वारा क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ किया गया। संस्थान परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जहां विद्यार्थियों और अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अमोदनी महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि ग्राम प्रधान अश्वनी प्रधान, नेबु प्रधान, सुबोल महतो, विभीषण महाकुड़ समेत कई गणमान्य अतिथियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत संस्थान प्रबंधन की ओर से पारंपरिक तरीके से किया गया। महोत्सव के दौरान न्यू फ्रेशर स्टूडेंट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक वेस्टर्न डांस, रैंप वॉक व अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गूंज और उत्साहपूर्ण माहौल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में गांधी कॉलेज ऑफ फार्मेसी के डायरेक्टर संतोष कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और संस्थान द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्थान के शिक्षकों, छात्रों और आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई दी गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। क्रिसमस महोत्सव ने न केवल विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि आपसी भाईचारे और उत्सव की भावना को भी सशक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गांधी कॉलेज के डायरेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, चेयरमैन लक्ष्मी गुप्ता, प्रिंसिपल संध्या साहू, चन्द्रजी कुमार यादव, अमित महतो, खुशबू महाली, पूनम जोजो आदि शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।


