गांधी जयंती पर मंत्री ने खरीदे खादी के कपड़े:बोले, मोदी सरकार में साकार हो रहा बापू का ‘रामराज्य’ का सपना, खादी अपनाने की अपील

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर के टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और देश को आजादी दिलाने वाले बापू के सिद्धांतों को याद किया। इस मौके पर उन्होंने खादी को ‘आत्मनिर्भर भारत’ का आधार बताते हुए न केवल भारतीय खादी इंपोरियम से खरीदारी की, बल्कि आम जनता से भी स्वदेशी वस्त्र खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी केवल स्वतंत्रता संग्राम के नायक नहीं थे, वे देश में राम राज्य की स्थापना के प्रखर समर्थक थे। उन्होंने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जो समता मूलक हो, जहां हर नागरिक को न्याय मिले और गांव ही देश की प्रगति का आधार बनें। उन्होंने याद दिलाया कि गांधी जी ने स्वयं कहा था कि कांग्रेस की आवश्यकता केवल स्वतंत्रता प्राप्ति तक ही थी और अब इसे समाप्त कर देना चाहिए। राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलते हुए, गांधी जी के सपनों को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश देख रहा है कि गांधी जी के चश्मे को स्वच्छता का प्रतीक बना दिया गया है और जिस राम राज्य की कल्पना बापू ने की थी, वह प्रधानमंत्री मोदी जी के शासन में हकीकत बन रहा है। इस पावन अवसर पर, लोक निर्माण मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने शास्त्री जी को एक ऐसा महान व्यक्तित्व बताया, जिनकी सादा जीवन शैली, उच्च नैतिकता और अनुकरणीय चरित्र आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। मंत्री राकेश सिंह ने जोर देकर कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं है, यह एक विचार है, एक आंदोलन है जो हमें स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और ग्रामोद्योग की ओर ले जाता है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि गांधी जयंती पर खादी खरीदकर न केवल बापू को सच्ची श्रद्धांजलि दें, बल्कि स्थानीय कारीगरों और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *