उदयपुर जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र में एक गांव में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया। गांव के पास ही पहाड़ी क्षेत्र में दो लेपर्ड देखे गए। इसका वीडियो वहां खड़े लोगों ने बना दिया। खेरवाड़ा कस्बे से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित जवास गांव का वीडियो सामने आया है। इसमें दो में से एक लेपर्ड जंगल के पहाड़ी क्षेत्र में आराम कर रहा था और इस बीच लोगों की आवाजाही के बीच लेपर्ड वहां से ऊपर की तरफ भागा। लेपर्ड का यह मूवमेंट वहां पास ही की आबादी क्षेत्र से लोगों ने देखा और अपने मोबाइल में कैद किया। वैसे ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर अक्सर लेपर्ड का मूवमेंट रहता है लेकिन इतने नजदीक का नजारा था। बताते है कि जवास रावला के पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में इन लेपर्ड का मूवमेंट रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पास ही नदी है वहां पर भी लेपर्ड पानी पीने के लिए आते है। दो दिन पहले जब इन लेपर्ड को देखा तब वे पहाड़ी पर नीचे की तरफ आए हुए थे। ये लेपर्ड रात के समय भी देखे गए थे। इसके बाद वासप लेपर्ड नहीं दिखे। बार-बार लेपर्ड की मौजूदगी सामने आने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग खासतौर पर बच्चों व पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


