गांव में पत्थर खदान का विरोध कर रहे आदिवासियों के समर्थन में माले

भास्कर न्यूज|बगोदर धरगुल्ली पंचायत के बसवाटांड़ गांव में संचालित पत्थर खदान के खिलाफ आंदोलन कर रहे आदिवासियों के बीच मंगलवार को भाकपा माले की टीम पहुंची। जांच टीम ने गांव के दर्जन भर आदिवासी महिला-पुरुष और ग्रामीणों से बातचीत की। पत्थर खदान का मुआयना भी किया। टीम का नेतृत्व कर रहे संदीप जयसवाल ने बताया कि संचालित यह खदान गांव से महज 500 मीटर से भी कम दूरी पर है। हैवी ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर के टुकड़े घरों में गिरते हैं। घर, स्कूल और मंदिर की दीवारें दरक गई हैं। लोगों को जान-माल का खतरा बना रहता है। आदिवासी महिला-पुरुषों ने खदान बंद करने की मांग दोहराई। कहा कि अगर पुलिस और लाठी के बल पर खदान चलाई गई तो आर-पार की लड़ाई होगी। विश्व आदिवासी दिवस पर खदान के चारों ओर सरना झंडा लगाया गया है। मौके पर बगोदर भाकपा माले के कार्यवाहक प्रखंड सचिव और इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष संदीप जयसवाल, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख मुस्ताक अंसारी, मुखिया संघ बगोदर प्रखंड अध्यक्षा सरिता साव, पूर्व जिप सदस्य सरिता महतो, पुरन कुमार महतो, लालजीत मरांडी और खूबलाल महतो शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *