गांव में सड़क नहीं, पगडंडी से लोग करते हैं आवागमन, अधिकारियों का ध्यान नहीं

अमित कुमार|भरनो भरनो प्रखंड की आताकोरा पंचायत राजस्व ग्राम बटकुरी नदी टोली जिसका आज भी मुख्यमार्ग से संपर्क कटा हुआ है। यहां आने जाने का कोई व्यवस्थित मार्ग नहीं है। ग्रामीणों को भरनो आने के लिए नदी पार कर दोन होते हुए मोरगाव आते हैं फिर सड़क मार्ग से मुख्यालय पहुंचते हैं। दूसरा रास्ता करीब 2 किमी के बाद बटकुरी आने के बाद मुख्य मार्ग पहुंचते हैं। आज इस गांव में 30 से 40 परिवार निवास करते हैं। सड़क के आभाव के कारण गांव का विकास नहीं हो पाया है। ग्रामीण कहते हैं इस गांव में एक आंगनबाड़ी केंद्र के अलावा कुछ भी नहीं है। प्राथमिक विद्यालय करीब 2 किमी पर है। निकटतम उच्च विद्यालय महादेव चेगरी, पाबेया और भरनो है। विद्यालय की दूरी ज्यादा होने और सड़क के आभाव में बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते। समस्या विकट तब हो जाती है जब बरसात होती है उन दिनों रास्तों में पानी एवं कीचड़ जमा हो जाता है। बरसात के दिनों में कोई बीमार हो जाता है तो गाड़ी गांव तक नहीं पहुंचती। मरीज को 2 किमी मुख्यमार्ग तक ले जाने के लिए बांस की टोकरी या खाट का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों द्वारा सड़क की मांग जनप्रतिनिधियों से कई बार की। स्थानीय विधायक से दो बार मिलकर आवेदन दिए।सड़क के आभाव में लोग अपनी बेटियों का रिश्ता इस गाँव से नहीं करना चाहते है। ग्रामीणों ने बताया इस गांव में कई ऐसे परिवार है जिनका राशन कार्ड नहीं है। राशन कार्ड के लिए कई बार आवेदन दे चुके, ऑनलाइन भी करा चुके है परन्तु नहीं बना। बिचौलियों ने भी ग्रामीणों से पैसे लेकर केवल ठगने का कार्य किया। इस कारण कई महिलाओं को झारखण्ड सरकार की मंईयां सम्मान योजना का भी लाभ नहीं मिल रहा है। कई वृद्धाओं और विधवाओं की पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा। एक वृद्ध महिला पुनिया उराईन पति स्वo मांगना उरांव (पति की मृत्यु 8 वर्ष पूर्व)उम्र 80 वर्ष के पास ना तो राशन कार्ड है, ना वृद्धा पेंशन, ना विधवा पेंशन, ना ही उन्हें आवास योजना का लाभ दिया गया। कई बार सिर्फ आवेदन देने के बाद भी कुछ नहीं मिला। पंचायत के मुखिया भी इस ओर अबतक ध्यान नहीं दिया। इस बात से भरनो अंचल अधिकारी को अवगत कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द वृद्ध महिला को राशन और आयुष्मान योजना से जोड़ दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *