गाड़ी की टक्कर से सरकारी कर्मी की मौत, गाड़ी पलटी

भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी-भखारा मार्ग पर भानपुरी के पास सड़क हादसे में ऑटोनुमा मालवाहक वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक, समाज कल्याण विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर था, कलेक्टोरेट में ड्यूटी के लिए घर से निकला था। मृतक के परिवार ने उनके आंखों का दान कर मानवता का उदाहरण पेश किया। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार भानपुरी निवासी 37 वर्षीय देवेंद्र साहू गुरुवार सुबह करीब 9.40 बजे अपनी बाइक सीजी 05 एए 3830 पर ड्यूटी पर जाने घर से कलेक्टोरेट के लिए निकले थे। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचे, सामने से आ रहे बाइक को मॉडिफाई किए गए ऑटोनुमा मालवाहक वाहन सीजी 05 एन 1896 ने उन्हें टक्कर मारी और खुद भी सड़क किनारे पलट गया। हादसे में घायल देवेंद्र को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 10.55 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस वाहन ने टक्कर मारी, वह बाइक है, जिसे ऑटो जैसा बनाने के लिए मॉडिफाई किया गया था। दुर्घटनाग्रस्त वाहन मड़ई के लिए सामान लेकर जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर घटना की जांच शुरू कर दी है। देवेंद्र साहू के निधन की खबर मिलने पर उनके परिवार ने एक सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने तुरंत नेत्र विभाग को सूचित किया और देवेंद्र के नेत्रदान की प्रक्रिया शुरू करवाई, ताकि उनकी दुनिया में भी किसी अन्य व्यक्ति को उनकी आंखों के माध्यम से नई रोशनी मिल सके। इस नेत्रदान प्रक्रिया को नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सूर्यवंशी, गुरुशरण साहू और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *