बम की धमकी से धमतरी न्यायालय परिसर में भी जांच

भास्कर न्यूज | धमतरी राजनांदगांव और बिलासपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद धमतरी पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बढ़ा दी। गुरुवार को 2 घंटे से अधिक समय तक जिला न्यायालय परिसर में बम निरोधक दस्ते ने गहन जांच-पड़ताल की। पार्किंग क्षेत्र, गार्डन और न्यायालय भवन समेत सभी स्थानों को खोजी कुत्तों और बम निष्क्रिय करने वाले उपकरणों के माध्यम से पूरी तरह खंगाला गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। गुरुवार को धमतरी जिला न्यायालय परिसर में लोगों की जिज्ञासा तब बढ़ी, जब रुद्री पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता तलाशी अभियान में जुट गया। पुलिस बल, बम निरोधक दल और खोजी कुत्ता लूसी पूरी तैयारी के साथ मौजूद थे और न्यायालय परिसर को बारीकी से खंगाल रहे थे। गार्डन और अन्य जगहों पर लूसी ने घूम-घूमकर जांच की। इसके बाद न्यायालय परिसर और अंदरूनी भवनों में भी विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। पूरा अभियान करीब 2 घंटे से अधिक चला। विशेष सर्च ऑपरेशन में रुद्री थाने के एएसआई एसआर पटेल, बीडीएस प्रभारी माखन ध्रुव समेत 5 सदस्यीय टीम मौजूद थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह एक एहतियाती उपाय था। किसी विशेष आपात स्थिति का संकेत नहीं मिला। सामान्य कार्यवाही जारी रही। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिला था, जिसके बाद पूरे प्रदेश में कोर्ट परिसरों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। धमतरी न्यायालय में नियमित सुरक्षा जांच कराई गई। इस निरीक्षण के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रशासन ने निवेदन किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *