गाड़ी रास्ते से हटाने को बहस के बाद जेई ने बालकनी से चलाई 5 गोलियां, बाइक सवार की मौत, 2 घायल

भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना सदर के अधीन आते गंडा सिंह कॉलोनी, मजीठा रोड की गली नंबर 2 में गाड़ी रास्ते से हटाने को बहस के बाद बिजली बोर्ड के जेई ने घर के बालकनी से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार युवक की सिर पर गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सब्जी वाले सहित 2 युवक टांग में गोली लगने से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया। आरोपी जेई अपने परिवार को साथ में लेकर कार में मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोगों और मृतक व जख्मियों के परिजनों ने मजीठा रोड जाम कर दिया। यह घटना मंगलवार रात 9 बजे की है। सूचना मिलने के बाद एसीपी नॉर्थ, सदर एसएचओ हरसंदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मृतक की पहचान विक्की (19) निवासी गंडा सिंह कॉलोनी के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान के बारे में अभी पता नहीं चला पाया है। हैप्पी ने बताया कि उसके मामा का बेटा गोली लगने से जख्मी हुआ है। उसकी टांग में गोली लगी है। आरोपी ने कॉलोनी में लोगों का जीना हराम कर रखा था। हमेशा सरकारी नौकरी का रौब दिखाते हुए गोली मारने की धमकियां देता था। आज उसने गोलियां चला ही दी। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो जाम लगाकर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी हरसंदीप सिंह ने बताया कि मृतक और घायलों के परिजनों का बयान दर्ज कर रहे हैं। आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पीछे लगी हुई है, सुबह तक उसे काबू कर लिया जाएगा। मृतक विक्की के मामा के बेटे ने बताया कि वह और विक्की बाइक पर जा रहे थे। इसी कॉलोनी में 2 गालियां छोड़कर उनका घर है। विक्की बाइक के पीछे बैठा था, आरोपी जेई ने अपने घर के बालकनी से गोलियां चलाई, जो विक्की के सिर में लगी और उसकी मौत हो गई। सब्जी वाला अपनी रेहड़ी लेकर गुजर रहा था। जेई की कार रास्ते में लगी हुई थी, सब्जी वाले ने घर का गेट बजाकर कार साइड करने को कहा, लेकिन जेई ने घर की बालकनी से बहस शुरू कर दी और अपने लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चलाई। उसने शराब पी रखी थी। जब पुलिस आई तो वह आरोपी पुलिस के सामने कार में बैठ परिवार के साथ भाग गया। पुलिस ने भी आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *