लुधियाना| लोहड़ी के पर्व पर मुंडिया कलां इलाके के अधीन कुणाल कॉलोनी की घटना का मामला समने आया है। लोहड़ी के पर्व के दिन गली में जलती आग से गाड़ी निकलने की वजह से पास बैठे लोगों पर गिरी आग, जिसके बाद दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। इसमें कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, प्रदीप शर्मा और उनका परिवार रात के समय अपने घर के बाहर आग जला कर सेंक रहा था। तभी एक कार वहां से गुजरी और कार के टायरों ने जलती लकड़ियों को उछाल दिया, जिसके कारण पास बैठे प्रदीप की पत्नी ममता और दो बेटे ऋषि व विनीत पर आग गिर गई। प्रदीप ने बताया कि जब उन्होंने कार चालक को रोका और स्थिति समझाने की कोशिश की, तो चालक अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंच गया और घर में तोड़फोड़ करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दूसरी ओर, कार चालक मोहित ने बताया कि वह अपनी माता अनिता रानी और एक दोस्त के साथ रात को किसी प्रोग्राम से लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी कार रोककर बहस शुरू कर दी। मोहित ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बहस इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


