श्योपुर जिले के ढोढर कस्बे में एक दिन पहले सोमवार को सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान देवी-देवताओं पर गाने के माध्यम की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है। मंगलवार को एक गाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और शिक्षा विभाग ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की तैयारी शुरू कर दी है। गाने में जिसमें पूजा करने वालों के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, आरोपी की पहचान एक निजी स्कूल के संचालक ब्रजमोहन मौर्य के रूप में हुई है। इस गाने को लेकर है विवाद ब्रजमोहन मौर्य ने गाने में गाया कि तोड़कर विद्यालय क्यों मंदिर जाते हो, अंधकार की भट्टी में क्यों खुदको जलाते हो, दान दक्षिणा लेकर वो विदेश पढ़ाते हैं, काजू पिस्ता और बादाम खिलाते हैं। इन देवो को पूजे वो सब हत्यारे हैं, हम राह चले उस और जहां भीम ही तारे है। फरियादी सोनू पिता राम नारायण माहौर निवासी ढोढर ने धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत के बाद ढोढर पुलिस ने ब्रजमोहन मौर्य और उनकी पत्नी मीना मौर्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सरकारी टीचर को नोटिस, निलंबन की कार्रवाई हो सकती मामले में प्रशासनिक दखल के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय शिकारगाह में पदस्थ शिक्षक मीना मौर्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के निजी स्कूल की मान्यता रद्द करने की तैयारी घटना का मुख्य आरोपी ब्रजमोहन मौर्य ‘अशासकीय ग्लोबल विजन स्कूल’ ढोढर का संचालक है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की मान्यता समाप्त करने के संबंध में संचालक को तीन दिन का नोटिस थमाया है। प्रशासन का मानना है कि शिक्षक समाज से जुड़े व्यक्ति का ऐसा व्यवहार सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है। जांच पूरी होने तक स्कूल की गतिविधियों और उसकी मान्यता पर संकट मंडरा रहा है।


