भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आज दो दिवसीय प्रवास काशी आएंगे। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का यह पहला काशी दौरा है जिसमें वो संगठन से लेकर जनप्रतिनिधि तक संवाद स्थापित करेंगे। काशी क्षेत्र के 12 जिलों के 1200 से अधिक कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। पीएम के संसदीय क्षेत्र में बतौर केंद्रीय मंत्री कई बार कार्यक्रमों में शामिल हुए पंकज चौधरी पहली बार संगठनात्मक संरचना से रूबरू होंगे। आगमन और स्वागत पहले से अलग होगा वहीं सगठन की सक्रियता और सजगता समेत आगामी चुनावी पर मंथन होगा। प्रदेश अध्यक्ष शाम पांच बजे तक काशी पहुंच जाएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद आठ जनवरी की सुबह नौ बजे वह काशी विश्वनाथ एवं काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात भेलूपुर के जवाहरनगर कॉलोनी स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय का भी दौरा करेंगे। बैठक में सांसद, विधायक और प्रत्याशी भी रहेंगे। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में तैयारियां पूरी हो चुकी है। आज देर शाम 6 बजे पंकज चौधरी गोरखपुर से गाजीपुर होते हुए काशी पहुंचेंगे। जनपद की सीमा से सर्किट हाउस तक उनके भव्य स्वागत की तैयारियों को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोडमैप तैयार कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मार्ग को पार्टी के झंडों और पटकों से सजाया जा रहा है तथा पूरे शहर में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में सैकड़ों की संख्या में छोटी-बड़ी होर्डिंग्स लगाई जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष 11 बजे रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के जिला औऱ महानगर के पदाधिकारियों, सातों मोर्चों के अध्यक्षों एवं सभी मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 12 बजे जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट में काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जिले-वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशाम्बी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ एवं अमेठी के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सांसद, लोकसभा चुनाव 2024 के सांसद प्रत्याशी, 2022 विधानसभा चुनाव विधायक और प्रत्याशी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला प्रवासी, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य तथा काशी क्षेत्र में निवासरत प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के घर जाएंगे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठक के बाद पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के मिर्जापुर जनपद में मंगरहा स्थित आवास पर जाएंगे। इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत एवं कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए पार्टी की ओर से व्यवस्था टोली का गठन किया गया है। जिसमें करीब 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। जिले में 4 महानगर में 6 प्वाइंट बनाकर करेंगे स्वागत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का बुधवार शाम काशी पहुंचने पर 10 जगह ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ एक सैकड़ा कार्यकर्ता उन्हें गाजीपुर हाईवे पर जिले की सीमा में रिसीव करेंगे और स्वागत करेंगे। इसके बाद उनका काफिला शहर में आएगा। प्रदेश अध्यक्ष गाजीपुर से सड़क मार्ग के माध्यम से वाराणसी आने के बीच कैथी से लेकर सर्किट हाउस तक कुल 10 स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। सभी प्वाइंट्स पर भाजपा कार्यकर्ता गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, डमरू दल, शंखध्वनि, पुष्प वर्षा एवं हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ स्वागत करेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि काशी आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य स्वागत एवं कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। महानगर में 6 और जिला संगठन 4 जगह स्वागत करेगा। इसमें विधायक, मंत्री, मेयर, पार्षद समेत विभिन्न पदाधिकारी शामिल रहेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम काशी आगमन पर वाराणसी जिले में चार स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। स्वागत प्वाइंट क्रमशः कैथी, चौबेपुर चौराहा, सन्दाहा चौराहा एवं आशापुर चौराहा पर स्थापित किए गए हैं, जहां जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम जनमानस पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत करेंगेl वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि वाराणसी महानगर में छह स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। ये स्वागत प्वाइंट आशापुर फ्लाईओवर के नीचे, पहड़िया चौराहा, पाण्डेयपुर स्थित काली मंदिर, पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा एवं सर्किट हाउस पर होंगे। इन सभी स्थानों पर महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगे। पदाधिकारियों को स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अनुशासित बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया गया।


