गायत्री मंदिर में हादसा: युवती पर गिरा निर्माणाधीन पिलर, मौके पर मौत हुई

भास्कर न्यूज | पटना पटना तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम सांवारावां में रविवार सुबह गायत्री मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य के दौरान एक निर्माणाधीन पिलर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतिका की पहचान काजल देवांगन, पति विनोद देवांगन (निवासी बिलारो, टेंगनी) के रूप में हुई है। रविवार सुबह 11 बजे काजल देवांगन गायत्री मंदिर में पूजा करने पहुंची थीं। मंदिर में पिछले कुछ दिनों से जीर्णोद्धार (पुनर्निर्माण) का कार्य चल रहा था। काजल पूजा संपन्न कर जैसे ही मंदिर से बाहर निकलने वाली थीं, तभी निर्माणाधीन पिलर अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। पिलर इतना भारी था कि काजल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मलबे के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि काजल के पति विनोद देवांगन गायत्री मंदिर समिति के सक्रिय सदस्य हैं। मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से कार्य प्रगति पर है का बोर्ड भी लगाया गया था और बीती रात से निर्माण कार्य बंद था, लेकिन जर्जर या अस्थिर संरचना के कारण यह बड़ा हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पटना थाना प्रभारी राजेश तिवारी और तहसीलदार प्रतीक जायसवाल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *