गाय की टक्कर से महिला की मौत:रिडकोर कंपनी सहित जिला कलेक्टर कोर्ट में तलब, क्लेम के संबंध में मांगा जवाब

झालावाड़-बारां मेगा हाईवे पर बेसहारा पशु से हुए हादसे में एक महिला की मौत के मामले में जिला न्यायाधीश झालावाड़ ने रिडकोर कंपनी सहित जिला कलेक्टर को तलब किया है। अदालत ने सड़क हादसे में मौत की जिम्मेदारी तय करने और मृतका सपना कुमारी के उत्तराधिकारियों को मुआवजा क्लेम दिए जाने के संबंध में जवाब मांगा है। यह मामला करीब सात माह पुराना है। 15 मई 2025 को सपना कुमारी यादव (39) अपने भाई के साथ बाइक पर खानपुर से झालरापाटन स्थित अपने घर आ रही थीं। नागौनिया गांव के पास झालावाड़-बारां मेगा हाईवे पर अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गई। इससे बाइक असंतुलित हो गई और सपना कुमारी सड़क पर गिर गईं। हादसे में सपना कुमारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें घायल अवस्था में झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की रिपोर्ट खानपुर पुलिस थाने में दर्ज की गई थी। पीड़ित पक्ष के वकील ओंकारेश्वर शर्मा ने बताया कि मृतक महिला के पति दिनेश यादव और उनके पुत्र-पुत्री ने जिला न्यायाधीश झालावाड़ के समक्ष मुआवजा क्लेम पेश किया है। न्यायालय ने रिडकोर कंपनी, पीडब्ल्यूडी, जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद झालावाड़, विकास अधिकारी पंचायत समिति खानपुर और ग्राम पंचायत खेड़ा को 10 फरवरी तक न्यायालय में पेश होकर जवाब दाखिल करने के लिए समन नोटिस जारी किया है। पुलिस जांच में भी मोटरसाइकिल के सामने अचानक गाय आने से दुर्घटना होना प्रमाणित माना गया था। टोल वसूली के बावजूद अनदेखी पीड़ित के वकील ओंकारेश्वर शर्मा ने बताया कि रिडकोर कंपनी झालावाड़ बारां मेगा हाईवे पर प्रत्येक वाहन से टोल वसूल करती है। उसकी जिम्मेदारी है कि वह मेगा हाईवे पर वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए कार्य करें।इसके अलावा ग्राम पंचायत खेड़ा , पंचायत समिति खानपुर, राजस्थान सरकार जर्ये जिला कलेक्टर, जिला परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों ने भी अपने कर्तव्य पालन में शिथिलता बरती है, इस कारण बेसहारा पशु मेगा हाईवे पर विचरण करते रहते हैं, इनके कारण अचानक वाहन के सामने आने से दुर्घटना होती है। प्रार्थीगण ने 20 लाख से अधिक मुआवजा विपक्षीगण से 18 प्रतिशत ब्याज के साथ दिलाए जाने के लिए अदालत में क्लेम याचिका पेश की है। इसमें सुनवाई करते हुए अदालत में सभी विपक्षी गण को जवाब पेश करने के लिए समन नोटिस जारी कर तलब किया है। पुलिस जांच में हुआ प्रमाणित पीड़ित के वकील ओंकारेश्वर शर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सपना कुमारी की मौत अचानक गाय के सामने आने से बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण हुई सड़क दुर्घटना में हुई है पुलिस ने इस दौरान मौके से कई प्रकार के साक्ष्य जुटाए जिसमें यह प्रमाणित हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *