महाराणा मेवाड़ फाउंडेशन के 41वें वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह में 78 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उदयपुर के सिटी पैलेस के जनाना महल के लक्ष्मी चौक में हुए समारोह में फाउंडेशन के प्रबन्ध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने परमेश्वराजी महाराज एकलिंगनाथ एवं फाउंडेशन के संस्थापक महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ को पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। प्रभु एकलिंगनाथ की प्रार्थना के बाद महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ‘श्रीराम स्तुति’ प्रस्तुत की। इसके बाद फाउंडेशन के प्रबन्ध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से सम्मान ग्रहण करने के लिए मंच संचालक ने भामाशाह सम्मान के 15, महाराणा राज सिंह सम्मान के 17 तथा महाराणा फतह सिंह सम्मान के 46 विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित किया। मेवाड़ ने सम्मान के तहत प्रमाण-पत्र, रुपए ग्यारह हजार एक की सम्मान राशि एवं मेडल प्रदान करते हुए फाउंडेशन के कर्तव्यों का निर्वहन किया। फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के निर्णयानुसार सम्मान समारोह में लगभग सभी ईको-फ्रेंडली उत्पाद ही उपयोग में लिए गए। इनमें विद्यार्थियों को गाय के गोबर से तैयार करवाए गये पेपर के प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। फाउंडेशन की ओर से ऐसे पेपर का उपयोग प्रतिवर्ष लाखों वृक्षों को कटने से बचाने और आने वाली पीढ़ी के लिये भी पर्यावरण प्रेम का संदेश है तो दूसरी ओर हम हमारी गोशालाओं को भी आत्मनिर्भर बना सकते हैं। समारोह में महाराणा मेवाड़ विद्या मंदिर की छात्रा मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ ने आभार ज्ञापित किया और सम्मानित विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद व अन्य विषयों में अर्जित विशेष उपलब्धियों के लिए फाउण्डेशन की ओर से शुभकामनाएं प्रदान की। संचालन गोपाल सोनी ने किया।


