भास्कर न्यूज | अमृतसर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) अमृतसर वर्कशॉप ब्रांच ओर से मंडल अध्यक्ष कामरेड कृष्ण कुमार का सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी रही, जिससे यह समारोह भावुक और यादगार बन गया। समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) व एनआरएमयू के जनरल सेक्रेटरी कामरेड शिव गोपाल मिश्रा उपस्थित रहे। उनके साथ महिला चेयरपर्सन परवीणा सिंह, केंद्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी, ओबीसी एसोसिएशन, एआईएससी/एसटी एसोसिएशन, आईआरटीएसए के प्रतिनिधि और अमृतसर वर्कशॉप के समस्त कर्मचारी भी मौजूद रहे। महासचिव कामरेड शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को गारंटीड पेंशन दिलाने का ऐतिहासिक कार्य एआईआरएफ/एनआरएमयू ने किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वेतन से होने वाले 10 प्रतिशत अंशदान को घटाकर 5 प्रतिशत कराने और भविष्य में इसे पूरी तरह समाप्त कराने के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि चाहे 20 वर्ष की सेवा पर पेंशन का मामला हो या वीआरएस पर तत्काल पेंशन देने का सवाल, ऐसे सभी कर्मचारी हितैषी फैसले केवल लाल झंडे के संगठन एआईआरएफ/एनआरएमयू के संघर्ष से ही संभव हो पाए हैं। महासचिव ने यूनियन मान्यता चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ संगठनों ने पेंशन के नाम पर कर्मचारियों को गुमराह किया, जबकि उन्होंने न तो पेंशन के लिए कोई वास्तविक संघर्ष किया और न ही कर्मचारियों को एनपीएस से बाहर निकालने में कोई भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठनों ने एनपीएस के कथित लाभ गिनाकर कर्मचारियों को उसी में बने रहने की सलाह दी, जबकि एआईआरएफ/एनआरएमयू ने चुनाव के दौरान भी गारंटीड पेंशन का मुद्दा मजबूती से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने वेतन आयोग से जुड़े मुद्दों और एमसीएम को 4600 ग्रेड पे दिलाने की संगठन की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। सेवानिवृत्त हुए कामरेड कृष्ण कुमार के योगदान की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में कर्मचारियों के हक और अधिकारों के लिए ईमानदारी और निष्ठा से कार्य किया। समारोह के अंत में एनआरएमयू अमृतसर वर्कशॉप शाखा की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी अधिकारियों, अतिथियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।


