डॉक्टर को उठा ले गए नकाबपोश ड्रग सेंटर में जबरन कराया भर्ती

भास्कर न्यूज | अमृतसर भुल्लर एवेन्यू इलाके में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के आवास के नजदीक स्थित पॉश कॉलोनी से एक एमबीबीएस डॉक्टर सरप्रीत सिंह गिल का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। जिसके बाद अगले दिन अस्पताल में डाक्टर नहीं पहुंचे तो, टीम उनके घर पहुंची। वहां आस-पास के लोगों ने बताया कि एक गाड़ी में तीन से चार व्यक्ति आए और डाक्टर को अपने साथ ले गए। टीम ने डाक्टर के परिवार से संपर्क किया और थाना सदर पुलिस को अपहरण करने की शिकायत दर्ज करवाई। एसएचओ किरनदीप सिंह ने तुरंत अपनी टीम के साथ मिलकर जांच शुरू की। सीसीटीवी चैक किया। बाद में पुलिस को पता चला कि तरनतारन के सुखमणि ड्रग सेंटर में डाक्टर को एडमिट किया गया है। पुलिस टीम तरनतारन में पहुंची। जब पुलिस ने सेंटर वालों से पूछताछ तो उन्होंने बताया कि कुछ व्यक्ति इन्हें यहां छोड़ गए। यह घटना सोमवार की दरमियानी रात 12 बजे की है। डॉ. सरप्रीत सिंह की बहन, जो कनाडा में रहती हैं, ने मीडिया को बताया कि पिछले कुछ समय से परिवार में संपत्ति और निजी विवाद चल रहे थे। जिसके कारण किसी साजिश के तहत ही डाक्टर को अपहरण करने के बाद उन्हें ड्रग सेंटर छोड़ आए। एसआई गुरभजन सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच कर रहे हैं। जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *