रांची|खेलगांव चौक दीपाटोली बांधगाड़ी निवासी प्रमिला देवी ने पति की संदिग्ध मौत मामले में सदर थाना में अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रमिला ने बताया कि उनके पति महेन्द्र साहू की ड्यूटी सिक्योरिटी सर्विस बूटी मोड़ के तहत पनासिया अस्पताल, बूटी बरियातू रोड में थी। वे घटना वाले दिन 14 अप्रैल को वहां गार्ड की नौकरी कर रहे थे। शाम करीब 6 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि उनके पति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही प्रमिला देवी अपने परिजनों और दोनों बेटियों के साथ अस्पताल पहुंचीं। वहां देखा कि महेन्द्र साहू का शव इमरजेंसी वार्ड में स्ट्रेचर पर पड़ा था। शव पर गार्ड की ड्रेस थी। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि महेन्द्र साहू अस्पताल के लोअर बेसमेंट में गिरे मिले थे। उन्हें बिजली का करंट लगा था। सिर के पीछे गंभीर चोट थी। प्रमिला देवी ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से उनके पति की जान गई।


