गार्बेज कैफे बंद करने के फैसले से कांग्रेस नाराज

अंबिकापुर | अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले गार्बेज कैफे को बंद करने के फैसले को कांग्रेस ने निराशाजनक व दुखद बताया है। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि अगर गार्बेज कैफे और स्वच्छता के लिए उठाए गए कदम दिखावा थे तो स्वच्छता के लिए मिले अवॉर्ड भी वापस कर देने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने और रीयूजेबल प्लास्टिक के संग्रहण को बढ़ावा देने गार्बेज कैफे की परिकल्पना की गई थी। यहां एक किलो प्लास्टिक लाने पर भरपेट भोजन व आधा किलो नाश्ता दिया जाता था। इस नवाचार की देश-विदेश में सराहना भी हुई। शहरवासियों की भागीदारी से अंबिकापुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में कई कीर्तिमान बनाए। तत्कालीन उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी के हाथों अंबिकापुर को सम्मानित किया गया। डॉ. तिर्की ने कहा निगम के सत्ता में आते ही भाजपा को ये नवाचार दिखावा लगने लगे, क्योंकि ये कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए थे। अगर ऐसा है तो भाजपा को इन नवाचारों के लिए मिले सम्मान भी लौटा देने चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *