छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाली देने से मना करने पर दो सगे भाइयों ने युवक को डंडे, लात-घूंसे से जमकर पीटा, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। भटगांव थाना क्षेत्र के सलौनीकला गांव में यह घटना मंगलवार शाम साढ़े छह बजे की है। घटना के समय पीड़ित युवक अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव का राजा टंडन नाम का व्यक्ति गाली-गलौच करता हुआ वहां आया। युवक ने जब इसका विरोध किया तो राजा टंडन गुस्से में घर चला गया। कुछ देर बाद वह अपने भाई पुरुषोत्तम टंडन के साथ लौटा और दोनों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। दोनों भाइयों ने युवक को डंडों से पीटा दोनों आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से युवक की पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने अपने परिजनों के साथ भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने राजा टंडन और पुरुषोत्तम टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


