भास्कर न्यूज | जांजगीर सारागांव थाना क्षेत्र के अफरीद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने युवक को गाली दी थी। जब युवक ने इसका विरोध किया तो चाकू से हमला कर हत्या कर दी। साइबर सेल और थाना सारागांव पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में एक आरोपी की तलाश जारी है। अफरीद निवासी 17 मार्च की रात आंगन कुमार(42 ) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। अज्ञात आरोपी के खिलाफ सारागांव थाने में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान साइबर सेल ने घटनास्थल से रायगढ़, चांपा और जांजगीर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर लगाए गए थे। सूचना मिली कि हत्या में दो नाबालिग शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि वे दोस्त हैं और 17 मार्च की रात कार से घूमने निकले थे। उनके पास धारदार चाकू था। सारागांव रोड पर एक व्यक्ति पैदल जा रहा था। उन्होंने उसे गाली दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद वे कार से भाग गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। दोनों नाबालिगों को 24 मार्च को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


