गिरते-चढ़ते पारा से सेहत पर असर, रबी फसल को फायदा

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर ठंड की वापसी के समय मौसम में हो रहे बदलाव के कारण कभी अचानक सर्दी बढ़ जा रही है तो कभी मौसम गर्म हो जा रहा है। अभी कुछ दिन पहले तापमान सामान्य से नीचे पहुंचा था कि अचानक उत्तर में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम गर्म हो गया। इससे रात में ठंड महसूस हो रही है तो दिन में तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने से मौसम गर्म रह रहा है। मौसम में हो रहा ये बदलाव लोगों की सेहत तो प्रभावित कर रहा है, लेकिन दिन में बढ़ रहे तापमान से रबी की फसलों के साथ आम और लीची के बौर को फायदा हो रहा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं में बाली लगने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके लिए तापमान अनुकूल है। इस बीच गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तो अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, मौसम विभाग ने रात के तापमान में एक बार फिर कमी की संभावना जताई है। तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। सबसे ज्यादा कम उम्र के बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। इनमें सर्दी-खांसी का असर ज्यादा हो रहा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी के मेडि​िसन और शिशु रोग विभाग में रोज कुल 300 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें आधे से ज्यादा सर्दी-खांसी व बुखार से पीड़ित हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से बच्चों में ज्यादा असर ^अभी मौसम बदल रहा है। तापमान में हो रहे बदलाव से कम उम्र के बच्चों में सर्दी-खांसी और बुखार के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत बढ़ रही है। पांच साल से कम उम्र वाले बच्चे ज्यादा प्रभावित होते हैं, क्योंकि उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। जैसे-जैसे वे बढ़े होते हैं, ये समस्या कम होती है, लेकिन मौसम परिवर्तन के समय थोड़ा बहुत असर सभी में होता है। -डॉ. जेके रेलवानी, शिशु रोग विशेषज्ञ, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *