भास्कर न्यूज | बाड़मेर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करवाने के लिए शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर विशेष शिविरों की शुरूआत होगी। इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाते हुए अधिकाधिक आमजन को लाभांवित करवाने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाड़मेर जिले में शुक्रवार से विशेष शिविरों की शुरूआत होगी। इसके पश्चात 24, 25, 31 जनवरी तथा 1 फरवरी, 5 से 9 फरवरी को प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। इस दौरान कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित संबंधित विभागों की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाते हुए लाभांवित करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बाड़मेर तहसील में बाड़मेर, बाड़मेर ग्रामीण में कवास, बाटाडू में बाटाडू, नोखड़ा में नोखड़ा, बायतु में बायतु भोपजी, शिव में शिव, रामसर में रामसर, चौहटन में चौहटन, धनाऊ में धनाऊ, सेड़वा में बाखासर गिरदावर सर्किल पर शिविर होंगे।


