सवाई माधोपुर के मित्रपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुरा निवासी रामकरण पुत्र कजोड़ प्रजापत के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में मंगलवार को रतनपुरा के ग्रामीण जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। खेत पर सोते किसान के साथ हुई थी मारपीट ग्रामीण रामकरण ने बताया कि 19 सितंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच वह अपने खेत स्थित बोरवेल कुएं पर सो रहा था, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर हमला कर मारपीट की। इस घटना की रिपोर्ट रामकरण ने 20 सितंबर को थाना मित्रपुरा में दर्ज करवाई गई थी। रामकरण ने आरोप लगाया है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय और रोष का माहौल बना हुआ है। गांव वालों ने इस लापरवाही के विरोध में 29 सितंबर 2025 को थाना मित्रपुरा के सामने धरना-प्रदर्शन भी किया था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।


