गिरिडीह के जंगल में अधजली बॉडी की हुई पहचान:दो दिन पहले हुई थी गायब, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीपहारी जंगल से शुक्रवार को एक अधजली महिला का शव मिला था। कल पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी थी। अब शव की पहचान हो गई है। जिस महिला की अधजली बॉडी मिली है वह डुमरी थाना क्षेत्र के चीनो गांव निवासी 21 वर्षीय विवाहिता सहीना ताहुल अंसारी है। मृतका के पिता ताहुल अंसारी ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। घटनास्थल से राख, जूट की बोरी, पानी की बोतलें और माचिस जैसे संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि महिला की पहले हत्या की गई और फिर सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल में जलाने का प्रयास किया गया। शव जिस अवस्था में मिला है, उससे यह मामला बेहद गंभीर लग रहा है। लापता होने के दो दिन बाद मिला शव मृतका के पिता ताहुल अंसारी ने बताया कि उनकी बेटी बुधवार से लापता थी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को कारीपहारी जंगल में एक अधजले शव के मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वे वहां पहुंचे और कपड़ों व अन्य पहचान के आधार पर बेटी की पहचान की। पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। एसडीपीओ समेत कई टीमें जांच में जुटीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, ई-साक्ष्य टीम और कोल्ड डंप टीम को भी जांच में लगाया गया है। टीमों ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि शव की पहचान सहीना ताहुल अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन छानबीन कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *