गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित जरासंध चौक के पास गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में सिरसिया गांव निवासी 46 वर्षीय मुकेश बर्मन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मुकेश बर्मन किसी काम से गिरिडीह शहर आए थे। काम निपटाने के बाद वे टोटो से अपने घर सिरसिया लौट रहे थे। जरासंघ चौक के पास वे टोटो से उतरकर सड़क किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश बर्मन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मुकेश बर्मन परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मुकेश बर्मन को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुकेश बर्मन की मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मुकेश बर्मन परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात बाइक चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।


