गिरिडीह के स्वयंसेवी देवघर में कांवरियों की सेवा में जुटे

भास्कर न्यूज|गिरिडीह सावन माह के अवसर पर सुल्तानगंज-देवघर कांवरिया पथ पर नि:शुल्क सेवा शिविर गिरिडीह के स्वयंसेवियों की ओर से लगाया गया है। यह शिविर श्रावणी मेले की पहले दिन से शुरू की गई है, जो पूरे सावन माह तक लगातार संचालित रहेगा। स्वयंसेवी धर्मेन्द्र शर्मा व दीपक साह के नेतृत्व में देवघर-घोरमारा बांक स्थित कांवरिया मार्ग लगे सेवा शिविर में हर दिन हजारों श्रद्धालुओं की सेवा दी जा रही है। धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि हमारा उद्देश्य है कि कांवर यात्रा के इस कठिन मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए सहज और सुरक्षित बनाया जाए। हर दिन हजारों श्रद्धालु इस शिविर में रुक रहे हैं और विभिन्न सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। स्वयंसेवक लगातार कांवरियों को राहत देने में जुटे हैं। थके-मांदे श्रद्धालुओं को यहां आराम, उपचार एवं भोजन-पानी की व्यवस्था सुलभ करायी जा रही है। डाक कांवरियों के लिए भी विशेष तेज गति विश्राम सेवा, ऊर्जावान पेय पदार्थ, और चिकित्सीय राहत की विशेष सुविधा प्रदान की गयी है। दीपक साह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कांवर यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व न रह जाए, बल्कि सेवा, सहयोग और समर्पण का प्रतीक भी बने। हम सभी श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं, चाहे वे किसी भी क्षेत्र या राज्य से हों। इस सेवा शिविर को सुचारु रूप से संचालित करने में स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और चिकित्सा पदाधिकारियों का भी सहयोग सराहनीय है। सोमवार को सेवा शिविर से लाभान्वित श्रद्धालुओं ने समिति का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह की सेवा यात्रा को आसान बनाती है। यहां जो अपनापन और सहयोग मिल रहा है, वह अविस्मरणीय है। इस मौके पर गिरिडीह के करीब एक दर्जन कांवरिया हर दिन सेवा शिविर में मौजूद रहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *