गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 और 28 में पिछले छह माह से जारी पेयजल संकट को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों ने नगर निगम कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। पानी की समस्या से परेशान महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने खाली बाल्टी, डेगची, टब और बर्तनों को बजाते हुए निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई महीनों से बस्ती में पानी की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लोगों का कहना था कि पानी के अभाव में खाना बनाना, सफाई, स्नान और पेयजल जैसे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों को पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। बड़े स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी स्थानीय निवासी संदीप यादव ने आरोप लगाया कि निगम केवल आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को बड़े स्तर पर तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद लोगों ने कहा कि वे कुछ दिनों तक स्थिति का निरीक्षण करेंगे और यदि पानी की आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो अगला चरण और भी उग्र होगा। विरोध की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर निगम के उप-आयुक्त प्रशांत लायक ने बताया कि पानी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित वार्डों से आवेदन और टैक्स जमा करना आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होते ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।


